सीहोर में सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, गैस रिसाव से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
सीहोर में सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, गैस रिसाव से मचा हड़कंप


सीहोर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के सीहोर-इछावर हाईवे पर रविवार दोपहर सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक से गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तत्काल मुख्य मार्ग बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा कोनाझिर टोल प्लाजा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक इछावर से सीहोर की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में बाइक सवार सुनील सेन (32), निवासी नयापुरा, गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

गैस रिसाव से बढ़ी चिंता, हाईवे किया गया बंद

ट्रक पलटते ही उसमें रखे सीएनजी सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया। हवा में गैस फैलने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। किसी भी संभावित विस्फोट या आगजनी की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल सीहोर-इछावर मार्ग को दोनों ओर से बंद कर दिया। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

मौके पर पहुंचा प्रशासन, संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सुनीता रावत, सीएसपी अभिनंदन शर्मा, मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर और इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर आम लोगों को घटनास्थल से दूर किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड और गैस कंपनी की तकनीकी टीम को तत्काल बुलाया गया। फायर फाइटर्स ने ट्रक और सिलेंडरों पर लगातार पानी की बौछार कर गैस के प्रभाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद तकनीकी टीम ने गैस रिसाव पर काफी हद तक काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार, ट्रक में मौजूद कई सिलेंडर खाली थे, जिससे बड़ा विस्फोट होने की आशंका टल गई। यदि सभी सिलेंडर भरे होते तो हादसा और भयावह हो सकता था।

क्रेन से हटाया गया ट्रक, फिर शुरू हुआ यातायात

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को हटाया गया। सड़क पर फैले सिलेंडरों और मलबे को साफ करने के बाद हाईवे पर यातायात बहाल किया गया। हालांकि, इस दौरान कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। सीएसपी अभिनंदन शर्मा ने बताया कि गैस रिसाव के चलते सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मार्ग को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया गया था। तकनीकी टीम द्वारा स्थिति नियंत्रित करने के बाद मार्ग दोबारा चालू कर दिया गया। वहीं मंडी थाना टीआई सुनील मेहर ने बताया कि यातायात लगभग आधे घंटे तक प्रभावित रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story