सीहोर में आदिवासी युवती ने पेट्रोल छिड़कर किया आत्मदाह का प्रयास, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान, हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
सीहोर में आदिवासी युवती ने पेट्रोल छिड़कर किया आत्मदाह का प्रयास, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान, हालत गंभीर


सीहोर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के लाड़कुई गांव में रविवार दोपहर एक आदिवासी युवती द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने लाड़कुई कस्बे में सार्वजनिक स्थान पर स्वयं पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा ली। घटना को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पानी डालकर आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी, जिससे समय रहते उसकी जान बचाई जा सकी। पुलिस 112 सेवा की मदद से युवती को भैरूंदा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बनी रहने पर उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि युवती की पहचान विनीता (26) पत्नी सुनील उइके, निवासी गोंडी गुराडिया (हाल मायका लाड़कुई) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पिछले करीब दो महीनों से अपने मायके में रह रही थी। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट (नायब तहसीलदार) ने उसके बयान लिए हैं।

भैरूंदा के एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि अभी मामले में जांच चल रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला 2 महीने से अपने मायके में ही रह रही थी। उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया है। अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। महिला ने भी अपने बयान में अभी किसी को दोषी नहीं ठहराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story