सीहोर के शेखपुरा में भीषण आग ने खेत में मचाई तबाही, किसान को 25 लाख का नुकसान, ट्रैक्टर-जनरेटर जलकर खाक
सीहोर, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के शेखपुरा गांव में सोमवार को एक किसान के खेत में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। इस हादसे में किसान मांगीलाल को करीब 25 लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ा। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में खेत में रखा कीमती कृषि सामान जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग अज्ञात कारणों से लगी और देखते ही देखते पूरे खेत में फैल गई। आग की चपेट में आकर खेत में खड़े दो ट्रैक्टर और एक जनरेटर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग में ट्रैक्टर और जनरेटर के अलावा लाखों रुपए के कृषि उपकरण, मवेशियों के लिए रखा भूसा और लकड़ियां भी जलकर खाक हो गईं। इससे किसान को गहरा आर्थिक झटका लगा है।
फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की तत्परता से बची बस्ती
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मी अकरम खान और स्वदेश गोयत ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के घरों और बस्ती तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गर्मी में बढ़ रहीं आग की घटनाएं
गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में जिले में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में रामखेड़ी, नींबूखेड़ा, पलटन क्षेत्र और जावर के जंगलों में भी आग से फसल, वाहन और पेड़ों को भारी नुकसान हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

