राजगढ़ः बिना परमिट चल रही बस सहित तीन वाहन जब्त, 11 हजार का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बिना परमिट चल रही बस सहित तीन वाहन जब्त, 11 हजार का जुर्माना


राजगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को पचोर क्षेत्र में चलाए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित तीन बसों को जब्त किया गया, जबकि विभिन्न मामलों में कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। कार्रवाई के बाद बस संचालकों और स्कूल प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति रही।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन अधिकारी ज्ञानेन्द्र वैश्य ने किया। उन्होंने बताया कि बीटी रोड स्थित पचोर- बिलापुर मार्ग पर जांच के दौरान एक यात्री बस बिना वैध परमिट के संचालित होती मिली। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बस को तत्काल जब्त कर थाना पचोर परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। इसी दौरान उदनखेड़ी स्थित संस्कृति विद्यालय की दो स्कूल बसों की जांच की गई। दोनों बसों के आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर उन्हें भी जब्त कर थाना पचोर में रखा गया। विद्यालय प्रबंधन को तीन दिन के भीतर सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में दस्तावेज जमा नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान कृष्णा मॉडर्न स्कूल की एक बस बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित मिली। परिवहन विभाग ने मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया। जिला परिवहन अधिकारी ने कहा कि जिलेभर में स्कूल बसों, यात्री वाहनों और अन्य व्यावसायिक वाहनों की नियमित जांच जारी रहेगी। उन्होंने वाहन संचालकों से परमिट, फिटनेस, बीमा और अन्य दस्तावेज अद्यतन रखने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story