राजगढ़ः 11 टन लोहे से भरे ट्रक के लूट के मामले में दो गिरफ्तार, 37 लाख से अधिक का मशरुका बरामद

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः 11 टन लोहे से भरे ट्रक के लूट के मामले में दो गिरफ्तार, 37 लाख से अधिक का मशरुका बरामद


राजगढ़, 26 फरवरी (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़़ जिले के सारंगपुर थाना पुलिस टीम ने सीसीटीव्ही.फुटेज व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 11 टन लोहे से भरे ट्रक के लूट के मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे घटना में प्रयुक्त बाइक सहित 37 लाख 80 हजार रुपए का मशरुका बरामद किया है।

एसडीओपी अरविंदसिंह ने गुरुवार को बताया कि 20 फरवरी को फरियादी रामवीर जाट ने शिकायत की, 13 फरवरी को भारत इंजीनियरिंग झंझर से ट्रक क्रमांक एचआर 69 एफ 4093 में 11 टन लोह के बोल्ट लोड कर नासिक के लिए रवाना किया था, चालक राजेश ने फोन कर बताया कि उसके घर मथुरा में कोई समस्या आ गई है, जिसके चलते उसने चालक टीनू शर्मा निवासी बड़ोन मथुरा को वाहन सौंप दिया है, जो सही समय पर नासिक पहुंच जाएगा। उसके बाद वाहन मालिक ने चालक टीनू शर्मा को फोन किया तो उसने फोन नही उठाया। शंका होने पर मालिक रामवीर वाहन की जीपीएस लोकेशन के आधार पर पहले स्थाई चालक राजेश को लेकर सारंगपुर पहुंचा, जहां कृषि उपज मंडी में खाली खड़ा ट्रक मिला।वाहन मालिक की शिकायत पर चालक टीनू शर्मा के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस ने सारंगपुर से मथुरा तक के सीसीटीव्ही.खंगाले, जिसमें ज्ञात हुआ कि अज्ञात आरोपित चालक टीनू शर्मा के साथ मारपीट कर ट्रक छीन ले गए। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपित जितेन्द्र (31) पुत्र बालाप्रसाद राठौर निवासी ग्राम सुल्तानिया थाना पचोर को हिरासत में लिया। पूछताछ पर आरोपित ने साथी अभिषेक(28)पुत्र संजय मिश्रा निवासी मूसाखेड़ी इंदौर का नाम उजागर किया, जिसके साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 12 लाख रुपए कीमत का 11 टन लोहा, 25 लाख रुपए कीमती ट्रक और 80 हजार रुपए कीमती घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की, जिसकी कुल कीमत 37 लाख 80 हजार रुपए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story