राजगढ़ः त्याेहार से पहले मिलावट पर प्रशासन की सख्ती, ब्यावरा में 35 किलो संदिग्ध मावा और 20 किलो पनीर जब्त
राजगढ़,27 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में त्योहारों के सीजन को देखते हुए मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में गुरुवार को राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ब्यावरा क्षेत्र की दूध डेयरियों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने 35 किलो संदिग्ध मावा और 20 किलो पनीर जब्त किया।
दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। कृष्णा डेयरी से 35 किलो मावा जब्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस खत्री के नेतृत्व में टीम ने राजगढ़ बाईपास स्थित श्री कृष्णा दूध डेयरी का निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान संदिग्ध मावा मिला। टीम ने मावे का नमूना लेने के साथ 35 किलो सामग्री जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 9 हजार 800 रुपए बताई गई है। शारदा डेयरी से 20 किलो पनीर पकड़ा इसके बाद टीम ने जगात चैक स्थित शारदा दूध डेयरी की जांच की। यहां संदिग्ध पनीर मिलने पर उसका नमूना लिया गया। टीम ने मौके से 20 किलो पनीर भी जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 हजार 200 रुपए है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों स्थानों से लिए गए मावा और पनीर के नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या मिलावटी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। होटल-स्वीट्स दुकानों पर भी नजर प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रखने की बात कही गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें डेयरी, होटल, मिठाई और किराना दुकानों का निरीक्षण करेंगी। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

