राजगढ़: मुख्य सप्लायर के कब्जे से 35 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: मुख्य सप्लायर के कब्जे से 35 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त


राजगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत जीरापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ जब्त किया है। पुलिस ने मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाप्रभारी हुकुमसिंह मीणा ने गुरुवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संयुक्त कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल को पुलिस ने घनश्याम बैरागी और उसकी पत्नी संगीता बैरागी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.77 ग्राम स्मैक बरामद की थी। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी जगदीश तंवर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह स्मैक शकील मंसूरी निवासी ग्राम पिपल्याकुल्मी, थाना माचलपुर से लाता था।

इस सूचना के आधार पर 22-23 अप्रैल की दरमियानी रात पुलिस टीम ने ग्राम पिपल्याकुल्मी में शकील मंसूरी के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 298 ग्राम स्मैक, 4.486 किलोग्राम कैमिकल पाउडर (टांका प्रकार-1) तथा 1.010 किलोग्राम कैमिकल पाउडर (टांका प्रकार-2) बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार यह कैमिकल स्मैक की मात्रा बढ़ाने में उपयोग किया जाता है।

जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी शकील मंसूरी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 29 और 30 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

जब्त सामग्री को विधिवत सीलबंद कर मालखाने में सुरक्षित रखा गया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस ऑपरेशन में जीरापुर थाना प्रभारी हुकुमसिंह मीणा सहित माचलपुर और भोजपुर पुलिस टीम के कई अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story