राजगढ़ः एक दिन में लगाए 70 स्मार्ट मीटर, गड़बड़ी मिलने पर 6 मीटर जब्त
राजगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में पुराने बिजली मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान के दौरान बिजली कंपनी की टीम को छह पुराने मीटरों में संदिग्ध अनियमितताएं मिली हैं।
शुक्रवार को शिवधाम कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम ने जांच के दौरान इन मीटरों को जब्त कर लिया। सभी छह मीटर तकनीकी जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मीटरों में गड़बड़ी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शहर में चरणबद्ध तरीके से पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को टीम शिवधाम कॉलोनी पहुंची थी। यहां कर्मचारियों ने घरों में पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाए। इस दौरान पुराने मीटरों की स्थिति भी जांची गई। जांच में छह मीटर संदिग्ध पाए जाने पर कर्मचारियों ने उन्हें जब्त कर लिया। जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई एई अजीत भूमरकर ने बताया कि शुक्रवार को शिवधाम कॉलोनी में कुल 70 स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं।
इसी दौरान छह पुराने मीटरों में अनियमितता मिलने पर उन्हें जब्त कर तकनीकी जांच के लिए लैब भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में यदि मीटरों से छेड़छाड़ या अन्य किसी तरह की गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि ब्यावरा शहर में अब तक चार हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। शेष क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम लगातार जारी रहेगा।कंपनी अधिकारियों के अनुसार, जब्त मीटरों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल छह उपभोक्ताओं के मीटरों की जांच का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

