राजगढ़ःपिकअप वाहन से सवा चार लाख से अधिक की अवैध शराब जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना पुलिस ने बुधवार की रात एक पिकअप वाहन सें 105 पेटी अवैध शराब पकड़ी है, जिसकी कीमत चार लाख 29 हजार 600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपित को हिरासत में लिया, जबकि एक आरोपित मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी संगीता शर्मा ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीती रात हाइवे-52 स्थित हकीमी पेट्रोल पंप के समीप लगाए गए चैकिंग पाइंट से घेराबंदी कर पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 04 जीबी 5386 को पकड़ा। तलाशी लेने पर वाहन में तिरपाल में छिपी विभिन्न ब्रांड की 105 पेटियां अवैध शराब की मिली। पुलिस ने मौके से विमल पुत्र रामकिशन पुस्पद निवासी कोटरा थाना चाचैड़ा जिला गुना को हिरासत में लिया, जबकि आनंद पुत्र राकेष छाड़ी निवासी दूधी अंधेरे का फायदा लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से आठ लाख रुपये कीमती पिकअप वाहन और 4 लाख 29 हजार 600 रुपये कीमती 1057.65 लीटर अवैध शराब जब्त की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरु की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

