राजगढ़ः बिना परमिट-फिटनेस चल रही पांच बस जब्त, 20 हजार का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बिना परमिट-फिटनेस चल रही पांच बस जब्त, 20 हजार का जुर्माना


राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार को खिलचीपुर और जीरापुर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी ज्ञानेन्द्र वैश्य के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान बिना परमिट, बिना फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रही पांच बसों को जब्त किया गया। साथ ही विभिन्न मामलों में 20 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

जांच के दौरान मां सरस्वती एकेडमी, खिलचीपुर के दो वाहन स्कूल बस के रूप में पंजीकृत नहीं पाए गए, जबकि उनसे विद्यार्थियों का परिवहन किया जा रहा था। वाहनों के पास आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। दोनों बसों को जब्त कर थाना खिलचीपुर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। इसी तरह मां सरस्वती पब्लिक एकेडमी की एक बस बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के संचालित मिली, जिस पर 5 हजार रुपए का चालान किया गया। वहीं सरदार पटेल विद्यालय, जीरापुर रोड की तीन बसें बिना परमिट और फिटनेस के चलती मिलीं, जिन्हें भी जब्त कर थाना खिलचीपुर में रखा गया। अभियान के दौरान एक यात्री बस निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चलती मिली, जिस पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। जीरापुर में एक बस बच्चों का परिवहन करते समय विद्यालय का नाम अंकित किए बिना संचालित पाई गई। बस बिना परमिट भी थी, इसलिए उसे जब्त कर संबंधित विद्यालय के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि सांदीपनी विद्यालय, जीरापुर की बसों के सभी दस्तावेज सही पाए गए, जबकि एडवांस पब्लिक स्कूल की एक बस के दस्तावेज अधूरे मिलने पर 10 हजार रुपये का चालान किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story