राजगढ़ पुलिस ने एटीएम ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ पुलिस ने एटीएम ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार


राजगढ़, 11 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रकम निकालने वाले अंतरराज्यीय धोखाधड़ी गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नकदी और कार सहित कुल 8 लाख 11 हजार 400 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे ने सोमवार को बताया कि जिले के सुठालिया, ब्यावरा देहात और नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्रों में एटीएम बदलकर ठगी की घटनाएं सामने आई थीं। 5 मई को सुठालिया निवासी सोनू वाल्मीकि ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एसबीआई एटीएम से पैसे निकालते समय दो युवकों ने उसका ध्यान भटकाकर एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 47 हजार रुपये निकाल लिए।

इसी प्रकार ब्यावरा देहात क्षेत्र के पगारा निवासी अंकित दांगी से 50 हजार रुपये तथा नरसिंहगढ़ में राजकुमार सिंह परमार से 31 हजार 400 रुपये की ठगी की गई। तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तीनों घटनास्थलों के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में संदिग्ध एक मारुति डिजायर कार (एमपी 50 जेडजे 8461) में आते-जाते दिखाई दिए। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चंदू उर्फ चंद्रेश (30) पुत्र लक्ष्मणप्रसाद यादव तथा मोहम्मद अजहर उर्फ अज्जू (25) पुत्र शेख इजराइल कुरैशी निवासी छपारा जिला सिवनी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने अपने तीन अन्य साथियों शाहरुख खान, नौशाद खान और बब्बूज खान निवासी आगरा (उत्तर प्रदेश) के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि गिरोह एटीएम में मदद करने के बहाने लोगों को बातचीत में उलझाता था और मौका मिलते ही उनका कार्ड बदल देता था। बाद में उन्हीं कार्डों से खातों से रकम निकाल ली जाती थी। गिरोह विशेष रूप से उन लोगों को निशाना बनाता था जिन्हें एटीएम संचालन की कम जानकारी होती थी।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक लाख 11 हजार 400 रुपये नकद और करीब सात लाख रुपये कीमत की कार जब्त की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story