दतिया उपचुनाव: एमपी-यूपी सीमा पर सुरक्षा बढ़ी, 48 घंटे पहले से होगी 24 घंटे वाहन जांच

WhatsApp Channel Join Now
दतिया उपचुनाव: एमपी-यूपी सीमा पर सुरक्षा बढ़ी, 48 घंटे पहले से होगी 24 घंटे वाहन जांच


दतिया, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश पुलिस ने अंतर्राज्यीय समन्वय तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिगना पुलिस ने उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती थानों के अधिकारियों के साथ सिकंदरा बैरियर पर समन्वय बैठक आयोजित कर संयुक्त रणनीति तैयार की।

बैठक में जिगना थाना प्रभारी रचना माहौर सहित उत्तरप्रदेश के रक्शा, सीपरी बाजार, बबीना तथा अन्य सीमावर्ती थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चुनाव के दौरान अवैध शराब, हथियार, नकदी तथा बाहरी असामाजिक तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई पर सहमति बनाई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मतदान से 48 घंटे पूर्व से लेकर मतगणना तक मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश सीमा पर बैरियर लगाकर 24 घंटे सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा दोनों राज्यों के हिस्ट्रीशीटर, गुंडा एक्ट के आरोपितों तथा जिला बदर अपराधियों की सूची साझा कर उनकी संयुक्त निगरानी भी की जाएगी।

बैठक के बाद थाना प्रभारी रचना माहौर ने पुलिस बल के साथ अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट एवं जिगना थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सीमा से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच कर दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने बताया कि जांच की प्रत्येक वैधानिक कार्रवाई और वाहन चेकिंग की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा अवैध शराब और अन्य आपत्तिजनक सामग्री के परिवहन पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story