उज्जैनः डॉ.राजौरा ने टेंपो ट्रेवलर में सवार होकर किया सिंहस्थ कार्यों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः डॉ.राजौरा ने टेंपो ट्रेवलर में सवार होकर किया सिंहस्थ कार्यों का निरीक्षण


उज्जैन , 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने शनिवार को उज्जैन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ टेंपो ट्रेवलर में सवार होकर सिंहस्थ कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्माणाधीन नवीन सडक़ मार्ग, सिंहस्थ मेला कार्यालय, मार्ग चौड़ीकरण कार्य, गोपाल मंदिर मल्टीलेवल वाहन पार्किंग स्थल और श्रद्धालुओं के वाहन रखने के लिए प्रस्तावित पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होने सिंहस्थ के लिए प्रस्तावित पार्किंग एरिया में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखने व समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

डॉ. राजौरा के साथ निरीक्षण में संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेलाधिकारी आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी गोपाल डाड भी थे। डॉ. राजौरा ने सिंहस्थ महापर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन सुविधापूर्वक पार्किंग कराने के लिए ग्राम सिंकदरी और गंगेड़ी के बीच प्रस्तावित पार्किंग स्थल का जायजा लिया। संभागायुक्त ने उन्हे बताया कि सिंहस्थ के लिए करीब 3 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में लेबल-1 और लेबल-2 पार्किंग क्षेत्र चिन्हित किए गए हंै। यहां से सिंहस्थ मेला क्षेत्र और शिप्रा नदी के नवीन घाटों तक पहुंचने के लिए एप्रोच रोड़ का निर्माण किया जाएगा। ताकि श्रद्धालु सुविधापूर्वक घाट और मेला क्षेत्र तक पहुंच सकें।

डॉ. राजौरा ने निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों में बारिश की स्थिति को ध्यान में रखते हुए योजना बनाएं। पार्किंग स्थलों से घाट और मेला क्षेत्र में जाने वाले मार्ग सुगम और सुविधाजनक हो। बड़े-छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग स्थल निर्धारित किए जाएं। पार्किंग स्थल से जाने वाले मार्गों में सभी प्रकार की सूचना के लिए संकेतक एवं सूचना बोर्ड लगाए जाएं जिससे श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की जानकारी मिल सके। एप्रोच रोड से आने-जाने के दौरान आपस में क्रासिंग नही हो इस बात का भी ध्यान रखा जाए।

डॉ. राजौरा ने मध्यप्रदेश सडक़ विकास निगम के माध्यम से सिंहस्थ के लिए महत्वपूर्ण मार्ग चौड़ीकरण कार्य, सिंहस्थ बायपास मार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। सिंहस्थ बायपास फोरलेन मार्ग की कुल लंबाई 19.81 किलोमीटर है। इस मार्ग से कई प्रमुख मार्गों की कनेक्टीविटी रहेगी। डॉ. राजौरा ने निर्देश दिए कि समय सीमा का ध्यान रखना पहली प्राथमिकता रहे। उन्होने कार्तिक मेला क्षेत्र में विकास प्राधिकरण के माध्यम से निर्माणाधीन सिंहस्थ मेला कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी ने जानकारी दी कि दो मंजिला भवन में मेला कार्यालय, झोनल ऑफिस, कंट्रोल रूम, बैठक कक्ष और पार्किंग एरिया रहेगा। डॉ. राजौरा ने निर्देश दिए कि मेला कार्यालय से सिंहस्थ के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था संचालन किया जा सके अत: जरूरी है कि इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को समय सीमा में पूर्ण करें।

निजातपुरा से गोपाल मंदिर मार्ग चौड़ीकरणडॉ. राजौरा ने पैदल भ्रमण करते हुए निजातपुरा से गोपाल मंदिर तक किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होने वर्षा ऋतु के आगमन को देखते हुए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा गोपाल मंदिर के सामने पुराने रीगल टॉकिज की जमीन पर निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया। यहां निर्देश दिए कि पार्किंग के निर्माण कार्य के बाद पार्किंग एरिया के नीचे वाले क्षेत्र में बारिश का पानी जमा नही हो,इसके इंतजाम भी करें। इसके बाद उन्होने चामुंडा माता मंदिर चौराहा से फ्रीगंज को जोडऩे वाले निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां उन्होने निर्देश दिए कि ब्रिज निर्माण कार्य सिंहस्थ के पहले पूर्ण होना यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story