टीकाकरण में राजगढ़ जिला प्रदेश में दूसरे पायदान पर

WhatsApp Channel Join Now
टीकाकरण में राजगढ़ जिला प्रदेश में दूसरे पायदान पर


राजगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। महिलाओं में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में राजगढ़ जिला पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। गत 28 फरवरी से प्रारंभ हुए इस विशेष टीकाकरण अभियान में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।

इस सफलता के पीछे कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की सतत मॉनिटरिंग, प्रभावी मार्गदर्शन और विभागीय समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एलपी. भकोरिया ने बुधवार को बताया कि जिले के लिए कुल 15,942 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता,विभिन्न विभागों के सहयोग और जन-जागरूकता के चलते अब तक 11,902 बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया जा चुका है। वर्तमान में यह टीका केवल 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं को लगाया जा रहा है। अभियान की शुरुआत जिले के मात्र सात स्वास्थ्य संस्थानों से की गई थी, लेकिन बढ़ती मांग और अभिभावकों की जागरूकता को देखते हुए टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई।

डॉ. भकोरिया ने बताया कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और आमजन की भागीदारी से संभव हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके दुष्प्रभाव ना के बराबर हैं। दुनिया के 148 देशों में लगभग 50 करोड़ बालिकाओं को यह टीका लगाया जा चुका है,जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक समाप्त करता है। ग्राम खारपोरस निवासी शिवानी ने कहा कि “मैंने अपनी सुरक्षा का टीका लगवा लिया है, क्या आपने लगवाया, यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी साधन हैै”।

ग्राम कचनारिया निवासी कुमकुम ने बताया कि “कैंसर का नाम सुनकर डर लगता है, लेकिन अब बचाव का सुरक्षित उपाय हमारे पास है। यह वैक्सीन पहले महंगी थी, लेकिन अब फ्री में उपलब्ध है”। ग्राम रघुनाथपूरा निवासी खुशबू ने कहा कि “एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित, मुफ्त और जीवन भर कई बीमारियों से बचाव करने वाली ढाल है,देरी न करें और टीका अवश्य लगवाएं”। जिले की यह उपलब्धि राजगढ़ को सर्वाइकल कैंसर मुक्त भविष्य की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story