अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ प्रशासन सख्त, पनागर में एसडीएम ने चलाया जांच अभियान

WhatsApp Channel Join Now
अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ प्रशासन सख्त, पनागर में एसडीएम ने चलाया जांच अभियान


जबलपुर, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद जबलपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित हादसों की रोकथाम और सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को पनागर तहसील क्षेत्र में अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया।

एसडीएम अभिषेक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने पनागर क्षेत्र की प्रमुख पटाखा दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्टॉक, लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। अभियान के तहत कई संदिग्ध स्थानों की जांच की गई, जिनमें तीन दुकानों के स्टॉक का मौके पर सत्यापन किया गया। वहीं एक दुकान पहले से न्यायालय के आदेश पर सील पाई गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पटाखों के भंडारण और बिक्री में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान यह भी देखा गया कि दुकानों और गोदामों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं।

एसडीएम अभिषेक सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना और यह सुनिश्चित करना है कि पटाखों का कारोबार निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही संचालित हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल पनागर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे जिले में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story