अशोकनगरः केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पूर्व विधायक स्व यादव के निधन होने पर दी श्रद्धांजलि
भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार शाम को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के प्रवास के दौरान तहसील ईसागढ़ के ग्राम महुअन पहुंचकर चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्व राव राजकुमार सिंह यादव के निधन होने पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना और शोकाकुल परिजन को इस पीड़ा को सहने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व के धनी स्वर्गीय राव राजकुमार सिंह के बारे में अतीत में चर्चा करना बड़ा मुश्किल है। उन्होंने अपने जीवन को नियम एवं आधार पर चलकर जिया है। साथ ही परिवार की परंपरा का निर्वहन किया है। उन्होंने जनसेवा और सत्य के पथ पर चलकर जनता की सेवा की है।
इस अवसर पर विधायकगण बृजेंद्र सिंह यादव व जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सिंधिया ने स्वर्गीय जनकदुलारी शर्मा को अर्पित की श्रद्धांजलि
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को अशोकनगर जिले के ग्राम मढ़ी महिदपुर पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्यक्षेत्र सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख हितानंद शर्मा की माताजी जनकदुलारी शर्मा के निधन पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतृप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

