एकल शिक्षक की बैठक में मौजूदगी से समय पूर्व बंद मिला प्राथमिक विद्यालय, डीईओ ने जांच के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
एकल शिक्षक की बैठक में मौजूदगी से समय पूर्व बंद मिला प्राथमिक विद्यालय, डीईओ ने जांच के दिए निर्देश


एकल शिक्षक की बैठक में मौजूदगी से समय पूर्व बंद मिला प्राथमिक विद्यालय, डीईओ ने जांच के दिए निर्देश


हरदा, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत बड़झिरी के सिंगाड़ा प्राथमिक विद्यालय के निर्धारित समय से पहले बंद मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने जांच कराने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को दोपहर करीब दो बजे प्राथमिक विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा मिला, जबकि विद्यालय का समय समाप्त नहीं हुआ था। इस दौरान कुछ बच्चे विद्यालय के बाहर मौजूद थे। मामले की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमेरिका ढाकरे से संपर्क किया गया।

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में वे अकेले शिक्षक हैं। उसी दिन मगरधा में संकुल स्तरीय बैठक आयोजित थी, जिसमें उनकी उपस्थिति आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि एकल शिक्षक होने के कारण विद्यालय संचालन और बैठक में शामिल होने की स्थिति एक साथ संभव नहीं थी, जिसके चलते उन्हें विद्यालय बंद कर बैठक में जाना पड़ा।

मामले में जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह रघुवंशी ने कहा कि विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी शिक्षक को विद्यालय बंद कर किसी बैठक में नहीं जाना है। यदि ऐसा हुआ है तो संबंधित समन्वयक और बीआरसी से जानकारी लेकर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी तथा तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि वनांचल क्षेत्रों के कई विद्यालयों में एकल शिक्षक व्यवस्था लागू है। ऐसे विद्यालयों में बैठक, प्रशिक्षण अथवा अन्य शासकीय दायित्वों के दौरान नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित होने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने एकल शिक्षक वाले विद्यालयों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। अब जांच के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani

Share this story