राजगढ़ः छात्रवृत्ति में देरी और कम राशि पर भड़के छात्र,सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया शासकीय महाविद्यालय में छात्रवृत्ति भुगतान में देरी, कम राशि मिलने और कॉलेज में सीटों की कमी को लेकर शनिवार को छात्रों ने प्रदर्शन किया। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य व्हीएस. बैस को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बताया कि कॉलेज के कई विद्यार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति नहीं मिली है, जबकि कुछ छात्रों के खातों में तय राशि से कम पैसा पहुंचा है। इसका सबसे ज्यादा असर आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि छात्रवृत्ति में देरी से फीस, किताबें और अन्य जरूरी खर्च पूरे करने में परेशानी हो रही है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। एनएसयूआई कार्यकर्ता एलकार सौंधिया ने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों का अधिकार है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण उन्हें समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिससे छात्रों में नाराजगी बढ़ रही है। ज्ञापन में कॉलेज में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। संगठन का कहना है कि वर्तमान में उपलब्ध सीटें छात्रों की संख्या के मुकाबले कम हैं, जिससे हर साल कई विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। एनएसयूआई ने मांग की कि सीटों में जल्द बढ़ोतरी की जाए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से वंचित न होना पड़े।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष जोधाराम गुर्जर, राहुल सौंधिया, ललित लोधी, मोक्षित चौरसिया, आदित्य पालीवाल, विशाल धनगर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

