राजगढ़ः सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के लिए कांग्रेस ने बांटे पीले चावल, नागरिकों को किया आमंत्रित

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के लिए कांग्रेस ने बांटे पीले चावल, नागरिकों को किया आमंत्रित


राजगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के आगमन को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रतसिंह खींची के निर्देश और शहर कांग्रेस के मार्गदर्शन में जगत चौक मंडलम अध्यक्ष पुष्पेंद्र पाराशर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर भ्रमण कर नागरिकों को पीले चावल बांटे और यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया। कार्यकर्ताओं ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में सहभागिता करने की अपील की।

जानकारी के अनुसार, यात्रा 26 और 27 अक्टूबर को राजगढ़ जिले में पहुंचेगी। यह यात्रा उज्जैन से शुरू होकर अयोध्या की ओर जाएगी। जनसंपर्क कर सहभागिता की अपील अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से संपर्क कर यात्रा के उद्देश्य और जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पदयात्राएं जनता से सीधे संवाद करने और सामाजिक विषयों पर विचार साझा करने का माध्यम हैं। महात्मा गांधी ने भी जनजागरण के लिए पदयात्राओं को महत्वपूर्ण बनाया था। डिजिटल याचिका का भी किया उल्लेख जनसंपर्क सामग्री में लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया गया।

डिजिटल याचिका के माध्यम से मतदाता सूची की शुद्धता, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और ईवीएम के स्थान पर मतपत्र से चुनाव कराने जैसी मांगें रखी गई हैं। सामग्री में ‘वोट चोरी’ और ‘चंदा चोरी’ के आरोपों की जांच तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी शामिल है। ये याचिका में प्रस्तुत आरोप और मांगें हैं।

अभियान में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र यादव, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक क्रांति, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल शिवहरे, पार्षद ज्ञानु विजयवर्गीय, बल्लभ नाहर, जगदीश सेन, संजय बंसल, सिद्धार्थ तिवारी, घनश्याम पाराशर, लक्की दागी, रचना भार्गव, मोहन वर्मा और गिरिराज शर्मा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766756 Articles

Share this story