सतना: सॉल्वेंट प्लांट में बॉयलर फटा, मशीन ऑपरेटर जिंदा जला, धमाके के बाद मची भगदड़, लोगों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
सतना: सॉल्वेंट प्लांट में बॉयलर फटा, मशीन ऑपरेटर जिंदा जला, धमाके के बाद मची भगदड़, लोगों ने लगाया जाम


सतना: सॉल्वेंट प्लांट में बॉयलर फटा, मशीन ऑपरेटर जिंदा जला, धमाके के बाद मची भगदड़, लोगों ने लगाया जाम


सतना, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में सोमवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया। यहां अमरपाटन रोड स्थित विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से पूरे परिसर में आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की बस्तियां दहल उठीं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह उर्फ पिंकू तिघरा (45) की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मन्नू केवट समेत कई मजदूर झुलस गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लांट में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान देर रात अचानक तेज धमाके के साथ बॉयलर फट गया। देखते ही देखते आग ने पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह आग की भीषण लपटों में फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। भीषण आगजनी की चपेट में प्लांट में काम करने वाले मन्नू केवट समेत कुल पांच मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी। आग लगने के बाद कुछ समय तक एक कर्मचारी के लापता होने की भी सूचना रही।

बताया जा रहा है कि प्लांट में धान की भूसी से राइस ब्रान ऑयल तैयार किया जाता था। परिसर में भारी मात्रा में भूसी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटें पास की बस्ती तक पहुंचने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। भूसी के बड़े स्टॉक में लगी आग पर काबू पाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक फायर ब्रिगेड की टीम राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रही। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह सॉल्वेंट प्लांट शहर के सराफा कारोबारी सौरभ जैन की राइस मिल परिसर में संचालित हो रहा था। प्लांट को बिहार के एक व्यापारी ने करीब 8 लाख रुपए प्रतिमाह किराए पर लिया हुआ था।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज लोगों ने अमरपाटन-सतना मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र सिंह, कोतवाली टीआई रवीन्द्र द्विवेदी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रशासन बॉयलर ब्लास्ट के कारणों की जांच कर रहा है। हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story