सतना में मिनी बस पलटी, एक यात्री की मौत, 12 से ज्यादा घायल, एंबुलेंस नहीं पहुंची तो लोडर में भेजा शव

WhatsApp Channel Join Now
सतना में मिनी बस पलटी, एक यात्री की मौत, 12 से ज्यादा घायल, एंबुलेंस नहीं पहुंची तो लोडर में भेजा शव


सतना, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी सवालों के घेरे में आ गई। समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण मृतक का शव लोडर वाहन में रखकर अस्पताल भेजना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे गैवीनाथ ट्रेवल्स की मिनी बस सतना से बिरसिंहपुर जा रही थी। इसी दौरान कोठी थाना क्षेत्र के बगिया मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में खुटहा निवासी राघवेंद्र त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। उन्होंने बस के शीशे और दरवाजे के रास्ते घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और उपचार के लिए कोठी अस्पताल भिजवाया।

एंबुलेंस नहीं पहुंची तो लोडर में भेजना पड़ा शव

हादसे के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर भी सवाल उठे। घटनास्थल पर समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण मृतक राघवेंद्र त्रिपाठी के शव को लोडर वाहन में रखकर कोठी अस्पताल भेजना पड़ा। आपात स्थिति में एंबुलेंस की अनुपलब्धता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी रही।

बस पलटने से एक किलोमीटर तक लगा जाम

हादसे के बाद मिनी बस सड़क के बीचोंबीच पलट गई, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब एक किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने पुलिस बल के साथ मौके पर यातायात व्यवस्था संभाली। काफी मशक्कत के बाद पलटी बस को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया गया। फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story