सतना: वन स्टॉप सेंटर से तीन नाबालिग लड़कियां फरार, खिड़की तोड़कर भागीं, पुलिस तलाश में जुटी
सतना, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना शहर में जवाहर नगर स्थित वन स्टॉप सेंटर से रविवार देर रात तीन नाबालिग लड़कियां खिड़की की ग्रिल तोड़कर फरार हो गईं। तीनों की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है और इनमें से एक लड़की तीन माह की गर्भवती है। घटना के बाद सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सोमवार सुबह मामला सामने आने पर सेंटर प्रबंधन ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1:15 बजे तीनों लड़कियां पीछे की ओर से भागते हुए नजर आई हैं। पुलिस रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख स्थानों के कैमरे खंगाल रही है। अधीक्षिका नीता श्रीवास्तव के अनुसार, लड़कियों ने डोरमेट्री की पिछली खिड़की का निचला हिस्सा उखाड़कर एक-एक कर बाहर निकलीं। खिड़की के पीछे खुला मैदान है, जहां से वे आसानी से बाहर निकल गईं। हैरानी की बात यह है कि सेंटर में सीसीटीवी और चौकीदार मौजूद होने के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रात में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने लड़कियों को करीब 1 बजे तक देखा था। इसके बाद कूलर की आवाज के चलते उनकी गतिविधियों का पता नहीं चल सका।
परिजनों के साथ जाने को तैयार नहीं थीं
तीनों लड़कियों को बाल कल्याण समिति के आदेश पर 14 से 25 अप्रैल के बीच यहां रखा गया था। काउंसलिंग के बावजूद वे अपने परिजनों के साथ जाने को तैयार नहीं थीं। एक लड़की सिविल लाइन क्षेत्र की है और तीसरी बार घर से भागी थी, वह गर्भवती भी है। दूसरी लड़की उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली है, जिसे आरपीएफ ने ट्रेन से पकड़ा था। तीसरी लड़की रामपुर बघेलान क्षेत्र की है, जिसे हाल ही में पुलिस ने सेंटर भेजा था।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना ने वन स्टॉप सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्य गेट पर चौकीदार और परिसर में कैमरे होने के बावजूद तीनों का इस तरह भाग जाना लापरवाही की ओर इशारा करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों नाबालिगों की तलाश तेज कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि वे ट्रेन या बस के जरिए शहर छोड़ सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

