सतना में तीन मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में लगी भीषण आग, 5 लोग सुरक्षित निकाले, आसपास के मकान खाली कराए

WhatsApp Channel Join Now
सतना में तीन मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में लगी भीषण आग, 5 लोग सुरक्षित निकाले, आसपास के मकान खाली कराए


सतना में तीन मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में लगी भीषण आग, 5 लोग सुरक्षित निकाले, आसपास के मकान खाली कराए


सतना, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना शहर के कामता टोला में शुक्रवार दोपहर एक तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान से उठता धुआं और आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की फायर टीम तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

आग के दौरान मकान में मौजूद दो बच्चों समेत पांच लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। परिवार के अधिकांश सदस्य समय रहते बाहर आ गए थे, जबकि दो बच्चे छत पर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने शुरुआती प्रयास में दोनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा। मकान की दूसरी मंजिल पर फंसे घर में काम करने वाले तीन अन्य लोगों को पुलिस और सुरक्षा टीम की मदद से बाहर निकाला गया। सावधानी के तौर पर रेस्क्यू किए गए लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दीवारों में दरार, आसपास के मकान कराए खाली

आग की तेज गर्मी और लपटों के कारण मकान की दीवारों में कई जगह दरारें आ गईं। इससे आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास के मकानों को खाली कराया। मौके पर लगातार उद्घोषणा कर लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ मकान में रखे गैस सिलेंडर को भी सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दमकल वाहन का हाइड्रोलिक सिस्टम हुआ खराब

आग बुझाने के दौरान नगर निगम के फायर वाहन का हाइड्रोलिक सिस्टम खराब हो गया। हाइड्रोलिक सिस्टम के काम नहीं करने से दमकलकर्मियों को मकान की ऊपरी मंजिल तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बावजूद टीम ने उपलब्ध संसाधनों और सीढ़ियों की मदद से रेस्क्यू और आग बुझाने का काम जारी रखा।

एसी में शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग दोपहर करीब 1.15 बजे एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मकान में हुए नुकसान का भी संबंधित विभागों द्वारा आकलन किया जा रहा है। बताया गया है कि मकान में तंबाकू से संबंधित काम भी होता था।

एसडीएम समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राहुल सिलाड़िया, तहसीलदार सौरभ मिश्रा, नगर निगम कमिश्नर नागार्जुन गौड़ा, सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान सहित पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story