सतना: ट्रैक्टर छुड़ाने 10 घंटे धरने पर बैठे भाजपा विधायक, आधी रात तक कलेक्टर-एसपी समझाते रहे

WhatsApp Channel Join Now
सतना: ट्रैक्टर छुड़ाने 10 घंटे धरने पर बैठे भाजपा विधायक, आधी रात तक कलेक्टर-एसपी समझाते रहे


सतना, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के चित्रकूट से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार एक आदिवासी किसान का जब्त ट्रैक्टर छुड़ाने की मांग को लेकर सोमवार को करीब 10 घंटे धरने पर बैठे रहे। दोपहर 2 बजे शुरू हुआ धरना देर रात करीब 12 बजे तक चला। इस दौरान कलेक्टर और एसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और विधायक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ट्रैक्टर छोड़े जाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में मुख्यमंत्री निवास से फोन आने के बाद विधायक ने अधिकारियों से चर्चा की और धरना समाप्त कर दिया।

मामला मझगवां वन क्षेत्र का है। वन विभाग की टीम ने एक किसान का ट्रैक्टर जब्त किया था। विभाग के अनुसार, ट्रैक्टर से वन भूमि पर जुताई की जा रही थी। ट्रैक्टर जब्त होने के बाद किसान ने विधायक से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद विधायक मझगवां रेंज कार्यालय पहुंचे और ट्रैक्टर छोड़ने की मांग की। वन अमले ने कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ट्रैक्टर छोड़ने में असमर्थता जताई तो विधायक वहीं धरने पर बैठ गए। उनके साथ कुछ ग्रामीण भी मौजूद रहे।

कलेक्टर-एसपी मौके पर पहुंचे

विधायक के धरने की सूचना मिलने पर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने विधायक से चर्चा कर मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। कई दौर की बातचीत के बाद भी विधायक ट्रैक्टर छोड़ने की मांग पर कायम रहे। देर रात मुख्यमंत्री निवास से फोन आने के बाद विधायक ने बातचीत की और इसके बाद धरना समाप्त कर दिया।

वन विभाग ने कहा- वन भूमि पर अवैध जुताई का मामला

मझगवां रेंजर रंजन सिंह परिहार के अनुसार, कररिया बीट के चुनहाहार वन क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध जुताई की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो जुताई की जा रही थी। जमीन से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रकरण दर्ज किया गया और जुताई में इस्तेमाल बिना नंबर के ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। चित्रकूट एसडीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर को नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना नहीं छोड़ा जा सकता। वन विभाग का कहना है कि मामले में कार्रवाई नियमों के तहत की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story