सतना में तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार परिवार को कुचला, पिता-पुत्र की मौत
सतना, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में मंगलवार शाम सतना-उचेहरा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। शहस्रबाहु ढाबे के पास तेज रफ्तार बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद परिवार करीब 25 से 30 फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया।
जानकारी के मुताबिक इचौल निवासी 33 वर्षीय धीरज कुशवाहा मंगलवार शाम पत्नी सुनीता और 8 वर्षीय बेटे अयांस के साथ स्कूटी से अपनी ससुराल जसो जा रहे थे। परिवार उचेहरा की ओर से मैहर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान शहस्रबाहु ढाबे के पास सामने से आ रही बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद धीरज सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। वहीं अयांस बस की चपेट में आकर उसके साथ आगे तक घिसटता चला गया और बस के टायर के नीचे दब गया। गंभीर हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। धीरज की पत्नी सुनीता कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बेटे को टायर के नीचे देख बदहवास हुई मां
हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला अपने बेटे को बस के नीचे दबा देखकर बदहवास नजर आ रही है। वह लोगों से मदद की गुहार लगाती रही। भीड़ की मदद से बस को पीछे कराया गया, जिसके बाद महिला ने खुद बेटे के शव को बाहर निकाला और उसे सीने से लगा लिया। घटना का यह दृश्य बेहद मार्मिक था। हादसे में धीरज की भी मौके पर मौत हो गई थी। सड़क पर पड़े पति को देखकर सुनीता और परिजन उन्हें उठाने का प्रयास करते नजर आए। कुछ देर बाद महिला पति के शव के पास पहुंची और बिलखने लगी। हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में भी शोक का माहौल रहा।
बस जब्त, ड्राइवर हिरासत में
उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। उससे हादसे के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

