सतना: गांव- गांव गूंजेगा तिरंगा का संदेश, भाजपा निकालेगी तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
सतना: गांव- गांव गूंजेगा तिरंगा का संदेश, भाजपा निकालेगी तिरंगा यात्रा


सतना, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने जिले में व्यापक स्तर पर तिरंगा यात्रा अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई। पार्टी ने 9 अगस्त से 15 अगस्त तक गांव -गांव तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। यात्रा को सफल बनाने के लिए मंडल स्तर पर समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पांडेय, सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में तिरंगा यात्रा के आयोजन, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और गांव-गांव तक अभियान पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष भगवती पांडेय ने बताया कि 9 अगस्त से शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा 15 अगस्त तक जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में निकाली जाएगी। इसके लिए मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। संबंधित समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा की तैयारियों और आयोजन का नेतृत्व करेगी । भाजपा की रणनीति के तहत तिरंगा यात्रा को केवल मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों तक ले जाने पर जोर दिया गया है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर आमजन को अभियान से जोड़ेंगे और स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश देंगे।

संगठन ने कार्यकर्ताओं को किया सक्रिय बैठक के जरिए भाजपा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले संगठनात्मक गतिविधियों को भी गति देने की तैयारी की है। मंडल स्तर पर गठित समितियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं, ताकि 9 से 15 अगस्त तक चलने वाला अभियान व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा सके।

बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से तिरंगा यात्रा को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story