एक महीने में दूसरी वारदात: कुलदेवी मंदिर से 22 किलो चांदी चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
एक महीने में दूसरी वारदात: कुलदेवी मंदिर से 22 किलो चांदी चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश


सतना, 3 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवराजपुर गांव के समीप गाजीपुर माता मंदिर में चोरों ने दूसरी बार बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश गर्भगृह में घुसकर माता के चांदी जड़ित सिंहासन से करीब 22 किलोग्राम चांदी उखाड़ ले गए। चोरी गई चांदी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की शिकायत सिंहपुर थाने में दर्ज कराई गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, वारदात बुधवार रात की है। गुरुवार सुबह जब पुजारी और ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। माता का सिंहासन क्षतिग्रस्त पड़ा था और उस पर जड़ी पूरी चांदी गायब थी।

ग्रामीणों ने बताया कि इसी मंदिर में 2-3 जून की दरम्यानी रात भी चोरी हुई थी। उस समय भी चोर सिंहासन से चांदी ले गए थे। पुलिस ने जांच और तकनीकी साक्ष्य जुटाने की बात कही थी, लेकिन एक महीने बाद भी न तो आरोपियों का पता चल सका और न ही पहली चोरी का खुलासा हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पहली घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई होती तो दूसरी चोरी नहीं होती।

शुकवार को स्थानीय निवासी जयप्रकाश शर्मा 'गुड्डा' ने बताया कि चांदी जड़ित सिंहासन करीब दो वर्ष पहले उद्योगपति रुद्र प्रताप उरमलिया द्वारा मंदिर को भेंट किया गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि शिवराजपुर क्षेत्र में पिछले छह महीनों में करीब दस चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार बढ़ती वारदातों से नाराज ग्रामीण अब एक बार फिर शिवराजपुर में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग उठाने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story