सतना में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, पढ़ रहे चार बच्चे घायल

WhatsApp Channel Join Now
सतना में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, पढ़ रहे चार बच्चे घायल


सतना में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, पढ़ रहे चार बच्चे घायल


सतना, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के फुटौंधी गांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में पढ़ाई कर रहे चार बच्चे घायल हो गए। घायलों में तीन छात्राएं शामिल हैं। घटना के बाद विद्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।

घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है। बारिश के कारण विद्यालय के कमरों में पानी भर गया था। ऐसे में सभी बच्चों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर बच्चों के ऊपर गिर गया। हादसे में हर्ष कोल, पल्लवी कोल, जानवी कोल और रागनी पाल घायल हो गए।

प्लास्टर गिरने से हर्ष कोल, जानवी कोल और रागनी पाल के सिर में चोट आई है, जबकि पल्लवी कोल के पैर में चोट लगी है। घटना के बाद विद्यालय के हेडमास्टर एसएन त्रिपाठी ने स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर घायल बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया।

रागनी पाल के चाचा रजनीश पाल ने बताया कि हादसे में घायल सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी विद्यालय पहुंच गए और बच्चों का हाल जाना।

स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार बारिश के कारण विद्यालय भवन के छज्जे और छत के प्लास्टर में नमी आ गई थी। इससे प्लास्टर कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि विद्यालय भवन का निर्माण करीब 10 वर्ष पहले हुआ था।

घटना ने विद्यालय भवनों की स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि भवन की छत या प्लास्टर जर्जर स्थिति में है तो ऐसे स्थान पर बच्चों को बैठाकर पढ़ाना कितना सुरक्षित है, यह गंभीर विषय है। विद्यालय भवन की स्थिति की जांच कर समय रहते आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story