सतनाः रेलवे स्टेशन पर जिंदगी की नई किलकारी महिला ने एंबुलेंस में दिया बच्ची को जन्म
सतना, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में रेल यात्रा के दौरान अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने से एक गर्भवती महिला की मुश्किलें बढ़ गईं, लेकिन यहां रेलवे स्टेशन पर समय रहते मिली मदद से सुरक्षित प्रसव का रास्ता बना। दुर्ग से गोरखपुर जा रही नौतनवा एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस में एक बच्ची को जन्म दे दिया। राहत की बात यह है कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के खजुरिया निवासी संगीता चौधरी (22), अपने पति दिनेश के साथ ट्रेन के एसी थर्ड कोच में यात्रा कर रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे ट्रेन सतना रेलवे स्टेशन पहुंची तभी संगीता को तेज प्रसव पीड़ा हो गई पत्नी की हालत बिगड़ती देख पति ने तत्काल रेलवे कर्मचारी को इसकी जानकारी दी कर्मचारियों ने तत्काल स्टेशन प्रभारी को अवगत कराया
सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ रेलवे अमला
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन अधीक्षक ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलवाया। स्वास्थ्यकर्मी ट्रेन में पहुंचे और महिला की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में संगीता ने बच्ची को जन्म दे दिया।
स्टेशन अधीक्षक की तत्परता से मिली मदद
जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थअचानक आई इस परिस्थिति के बीच समय पर मिली सहायता से महिला और नवजात को जरूरी चिकित्सा मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था हुई। प्रसव के बाद दोनों की हालत स्वस्थ बताई गई है। ट्रेन में सफर के दौरान प्रसव पीड़ा शुरू होने से परिवार के सामने चिंता की स्थिति बन गई थी, लेकिन रेलवे अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता से स्थिति संभल गई। सतना स्टेशन पर सूचना मिलते ही की गई कार्रवाई ने एक बार फिर आपात स्थिति में त्वरित समन्वय की अहमियत को रेखांकित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

