सतना में शुरू हुआ प्रदेश का पहला 'वर्क कैफे' थीम आधारित पोस्ट ऑफिस, युवाओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
सतना, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में डाक सेवाओं को आधुनिक स्वरूप देते हुए इंडिया पोस्ट ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में जेन-जी थीम आधारित नेक्स्ट जनरेशन (एन-जेन) पोस्ट ऑफिस का शुभारंभ किया। मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल विनीत माथुर ने इसका उद्घाटन किया। जबलपुर रीजन का यह अपनी तरह का पहला पोस्ट ऑफिस है, जिसे युवाओं की जरूरतों और डिजिटल इंडिया की अवधारणा को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
पारंपरिक डाकघरों से अलग इस पोस्ट ऑफिस को वर्क कैफे की तर्ज पर तैयार किया गया है। यहां विद्यार्थी, शोधार्थी, मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं और आम नागरिक डाक सेवाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अध्ययन, ऑनलाइन कार्य और बैठकों के लिए भी आधुनिक सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे।
पोस्ट ऑफिस में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, कॉफी वेंडिंग मशीन, पुस्तकों तथा बोर्ड गेम्स से सुसज्जित बुक कॉर्नर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डाक विभाग का मानना है कि इससे युवाओं की पोस्ट ऑफिस के प्रति रुचि बढ़ेगी और डाक सेवाओं की उपयोगिता नए स्वरूप में सामने आएगी।
मुख्य डाकघर के जनसंपर्क अधिकारी अभिषेक खरे ने बताया कि एन-जेन पोस्ट ऑफिस को 'डू-इट-योरसेल्फ' (डीआईवाई) मॉडल पर विकसित किया गया है। यहां स्थापित सेल्फ-बुकिंग कियोस्क के माध्यम से ग्राहक स्वयं स्पीड पोस्ट, पार्सल और अन्य डाक सेवाओं की बुकिंग कर सकेंगे। भुगतान के लिए क्यूआर कोड आधारित डिजिटल व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक सरल और समयबद्ध होगी।
इस पोस्ट ऑफिस में 'माय स्टाम्प' सुविधा भी शुरू की गई है। इसके तहत ग्राहक अपनी पसंद की तस्वीर, परिवार, संस्था या किसी विशेष आयोजन की फोटो के साथ व्यक्तिगत डाक टिकट तैयार करा सकेंगे। यह सुविधा स्मृति चिह्न और विशेष अवसरों के लिए भी उपयोगी होगी।
डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार नेक्स्ट जनरेशन पोस्ट ऑफिस का उद्देश्य केवल डाक सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को आधुनिक और डिजिटल सेवाओं से जोड़ना भी है। सतना में शुरू की गई यह पहल भविष्य में प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी मॉडल के रूप में विकसित हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

