सतनाः खाकी की आड़ में अपहरण और फिरौती का खेल, पकड़ा गया आरोपी पुलिस कर्मी

WhatsApp Channel Join Now
सतनाः खाकी की आड़ में अपहरण और फिरौती का खेल, पकड़ा गया आरोपी पुलिस कर्मी


सतना, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में सामने आई घटना ने पुलिस महकमे को असहज स्थिति में खड़ा कर दिया है। बीती रात करीब 2 बजे घर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरना, पैर में चाकू मारना, जबरन बाइक पर बैठाकर बगीचे में बंधक बनाना और परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगना किसी संगठित आपराधिक वारदात से कम नहीं।

इस मामले में ग्रामीणों के हाथों पकड़ा गया आरोपी विवेक सिंह मध्यप्रदेश पुलिस का आरक्षक बताया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो वह पुलिस अधीक्षक के विशेष दस्ते सुपर-30 में शामिल रहा है। उसके तीन साथी फरार हैं।

जानकारी के मुताबिक, टिकुरिया माधवगढ़ निवासी 38 वर्षीय ऋषभ सिंह टोयोटा एजेंसी में सुपरवाइजर हैं। उनके पिता नरेंद्र बहादुर सिंह अधिवक्ता हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात ऋषभ एजेंसी में बालू का ट्रक खाली कराने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे माधवगढ़ में डी पॉल स्कूल के पास चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर पैर में चाकू मारकर उन्हें जबरन बाइक पर बैठा लिया गया। आरोपियों ने ऋषभ को सतरी स्थित एक बगीचे में ले जाकर बंधक बना लिया। इसके बाद परिजनों को फोन कर उन्हें छोड़ने के बदले50 हजार रुपये मांगे गए। सूचना मिलते ही परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की। इस दौरान विवेक सिंह पकड़ में आ गया, जबकि उसके तीन साथी भाग निकले।

घायल जिला अस्पताल में भर्ती, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घायल ऋषभ सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पिता नरेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि उनका बेटा आरोपियों को पहले से नहीं जानता था। उन्हें आशंका है कि लूटपाट और पैसे वसूलने के मकसद से वारदात की गई। रामपुर बाघेलान थाना पुलिस घटनास्थल और संभावित अपहरण स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

पकड़े गए विवेक सिंह के पास से चाकू पुलिस पहचानपत्र और बाइक बरामद होने की जानकारी सामने आई है । पहचान पत्र में उसका पद आरक्षक और जिला इकाई सतना दर्ज बताया जा रहा है।उसे एसपी के विशेष दस्ते सुपर 30 में पदस्थ बताए गया है।परिजनों के मुताबिक पकड़े जाने उसने खुद को पुलिस कर्मी बताया।मामले का अब गंभीर पहलू यही है कि जिस कर्मचारी पर अपराध रोकने नागरिकों के सुरक्षा की जिम्मेदारी है उसी पर अपहरण और फिरौती जैसे गंभीर आरोप लग रहे है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783832 Articles

Share this story