सतनाः एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव आयोग का फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
सतनाः एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव आयोग का फूंका पुतला


सतना, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) की जिला इकाई ने मंगलवार को शहर में प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा चुनाव आयोग का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार अब तक प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। संगठन केपदाधिकारियों ने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मामले में जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई नहीं की जा रही है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के मुद्दे को भी उठाया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी प्रत्याशियों को समान अवसर मिलना चाहिए। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए रहे। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगे भी आंदोलन जारी रखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story