आधुनिक मशीनों के दौर में सिमट रहा चित्रकूट का सदियों पुराना गधा बाजार

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक मशीनों के दौर में सिमट रहा चित्रकूट का सदियों पुराना गधा बाजार


सतना, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के तट पर दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा से शुरू हुआ ऐतिहासिक गधा मेला मंगलवार को खरीद-बिक्री और मोलभाव के बीच संपन्न हो गया। इस बार मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से करीब 250 कारोबारी गधे और खच्चर लेकर पहुंचे। फिल्मी सितारों के नाम पर पशुओं की बोली मेले का खास आकर्षण रही। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान और मिथुन चक्रवर्ती जैसे नामों के बीच 'चंकी पांडे' नाम का गधा विशेष चर्चा में रहा, जिसकी कीमत 72 हजार रुपये लगाई गई। खरीदारों ने पशुओं की नस्ल, कद-काठी और उपयोगिता के आधार पर मोलभाव किया।

मेला प्रभारी रेवती रमण मिश्रा के अनुसार, इस बार करीब 250 कारोबारी मेले में शामिल हुए। विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने गधों और खच्चरों की खरीद-बिक्री की। फिल्मी नामों से पशुओं को पुकारने की पुरानी परंपरा आज भी मेले की पहचान बनी हुई है। हालांकि कारोबारियों की मानें तो अब पहले जैसी मांग और कीमतें नहीं मिल रही हैं।

खागा से 13 खच्चर लेकर पहुंचे कारोबारी राजकुमार ने बताया कि उनके सात खच्चर बिक चुके हैं। उनके पिता भी इस मेले में आया करते थे। वह बचपन से ही इस कारोबार से जुड़े हैं। उनका कहना है कि पहले खच्चरों की मांग काफी अधिक थी, लेकिन परिवहन के आधुनिक साधनों के बढ़ते इस्तेमाल से कारोबार प्रभावित हुआ है।

कर्बी के कारोबारी रमेश पांडेय ने बताया कि यह बेहद पुराना मेला है, जिसकी परंपरा औरंगजेब के शासनकाल से जुड़ी मानी जाती है। इस बार कारोबार उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। नई पीढ़ी इस व्यवसाय में रुचि नहीं दिखा रही है, जिससे मेले की रौनक भी धीरे-धीरे कम हो रही है।

द्वारिकापुरी निवासी कारोबारी लाल बहादुर ने बताया कि तीन साल पहले उनके पास 20 गधे थे, लेकिन काम घटने और खर्च बढ़ने के कारण अब केवल पांच रह गए हैं। कारोबारी सतीश कुमार सोनकर के मुताबिक, पहले 40 से 50 हजार रुपये में बिकने वाले गधों की कीमत अब घटकर 15 से 20 हजार रुपये रह गई है।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने मेला स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। कलेक्टर ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से गधे और खच्चर मेले में पहुंचे हैं और उनकी खरीद-बिक्री जारी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में मेले को और बेहतर बनाने के लिए बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें कारोबारियों और स्थानीय लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। पशु चिकित्सा विभाग को भी मेले से जोड़ा जाएगा।

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, चित्रकूट के इस ऐतिहासिक मेले की शुरुआत मुगल बादशाह औरंगजेब के शासनकाल में हुई थी। एक समय सेना और मालवाहक सामान की ढुलाई में गधों और खच्चरों की अहम भूमिका थी। लेकिन ट्रैक्टर, ट्रक और लोडर जैसे आधुनिक परिवहन साधनों के बढ़ते इस्तेमाल ने इनके पारंपरिक कारोबार को प्रभावित किया है। फिल्मी नामों और ऊंची बोलियों के लिए पहचाना जाने वाला चित्रकूट का यह मेला अब अपनी ऐतिहासिक विरासत को बचाए रखने की चुनौती से जूझ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story