चित्रकूट: गुप्त गोदावरी गुफा चार दिन से बंद, जांच टीम का अब भी इंतजार

WhatsApp Channel Join Now
चित्रकूट: गुप्त गोदावरी गुफा चार दिन से बंद, जांच टीम का अब भी इंतजार


चित्रकूट, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट स्थित प्रसिद्ध गुप्त गोदावरी गुफा मंदिर में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना के चार दिन बाद भी श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश बंद है। लगातार बारिश के दौरान गुफा के भीतर पानी के रिसाव के बीच पहाड़ी का हिस्सा टूटकर गिरने की घटना सामने आई थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने गुफा को बंद कर दिया था। मंदिर बंद रहने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं के साथ आसपास कारोबार करने वाले दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के लिए बता दें कि घटना गुप्त गोदावरी मंदिर की पहली गुफा में हुई थी। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से पानी रिसकर गुफा के भीतर पहुंच रहा था। इसी दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। शुरुआत में मंदिर के पास तीन बड़े पत्थर गिरने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद गुफा के अंदर खटखटा क्षेत्र में सीढ़ियों के पास करीब 40 किलो वजन का एक पत्थर गिरा।

पत्थर गिरने की घटना के बाद गुफा के भीतर राम दरबार के नीचे मौजूद पत्थर में भी गैप दिखाई दिया। स्थिति को देखते हुए मझगवां के एसडीएम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर गुफा को बंद रखने के निर्देश दिए। इसके बाद से श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार, गुफा को तभी खोला जाएगा, जब विशेषज्ञों और संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर लेगी। जांच के बाद गुफा की सुरक्षा स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर ही श्रद्धालुओं के लिए गुफा खोलने को लेकर निर्णय लिया जाएगा, लेकिन गुफा मंदिर बंद हुए चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक जांच टीम के मौके पर पहुंचने की तारीख स्पष्ट नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से जांच टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किए जाने की बात कही गई थी। ऐसे में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि जांच टीम कब पहुंचेगी और गुफा को दोबारा कब खोला जाएगा।

गुप्त गोदावरी चित्रकूट के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। मंदिर में प्रवेश बंद होने से आसपास की दुकानों और अन्य कारोबार पर भी इसका असर पड़ रहा है।

फिलहाल प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गुफा को बंद रखा है। विशेषज्ञों और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही गुफा की सुरक्षा स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद तय होगा कि श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश कब शुरू किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story