सतना जिला अस्पताल में नवजात चोरी की कोशिश विफल, महिला की सतर्कता से बची मासूम की जान

WhatsApp Channel Join Now
सतना जिला अस्पताल में नवजात चोरी की कोशिश विफल, महिला की सतर्कता से बची मासूम की जान


सतना, 20 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सतना के सरदार वल्लभभाई पटेल जिला अस्पताल में मंगलवार-बुधवार की देर रात नवजात बच्चे को चोरी कर ले जाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया। एक महिला की सतर्कता और समय रहते शोर मचाने से आरोपी युवक अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका और बच्चे को छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, माडा टोला निवासी शिवानी चौधरी ने मंगलवार सुबह अस्पताल के गायनी वार्ड में बच्चे को जन्म दिया था। देर रात एक अज्ञात युवक वार्ड के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता रहा। बताया जा रहा है कि युवक ने बच्चे को दूध पिलाकर सुलाने की बात कही और काफी देर तक वार्ड पर नजर बनाए रखी।

इसी दौरान जब शिवानी सो गईं तो आरोपी नवजात को उठाकर झोले में रखकर अस्पताल से बाहर निकलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अस्पताल परिसर में मौजूद एक महिला को युवक के झोले में हलचल दिखाई दी। शक होने पर उसने युवक को रोककर झोला दिखाने को कहा। महिला के शोर मचाते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।

खुद को घिरता देख आरोपी झोला वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला। झोला खोलने पर उसमें नवजात बच्चा मिला। तत्काल बच्चे को अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे सुरक्षित बताया है।

घटना की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने और बाहरी लोगों की निगरानी सख्त करने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story