चित्रकूट में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासन ने शुरू की तैयारियां, 240 कमरों की होगी व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
चित्रकूट में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासन ने शुरू की तैयारियां, 240 कमरों की होगी व्यवस्था


सतना, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी चित्रकूट में 21 और 22 दिसंबर को प्रस्तावित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बैठक के लिए 240 से अधिक कमरों की आवश्यकता बताई गई है। इसके लिए आरोग्यधाम परिसर को संभावित स्थल के रूप में देखा जा रहा है। तैयारियों का जायजा लेने संभागीय आयुक्त शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने चित्रकूट पहुंचकर विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

अधिकारियों ने सड़क, बिजली, सीवर सहित अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। हालांकि, चित्रकूट में कैबिनेट बैठक आयोजित किए जाने की आधिकारिक सूचना अभी जिला प्रशासन को प्राप्त नहीं हुई है।

विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने नगर परिषद चित्रकूट कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति, वर्तमान स्थिति और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि संभावित कैबिनेट बैठक को देखते हुए जरूरी विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।

22 माह पहले भी चित्रकूट पहुंचे थे मुख्यमंत्री

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जनवरी 2024 को चित्रकूट के ग्रामोदय विश्वविद्यालय में श्रीरामचंद्र पथगमन न्यास की पहली बैठक में शामिल हुए थे। अब करीब 22 माह बाद मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल के साथ एक बार फिर धार्मिक नगरी चित्रकूट पहुंचने का प्रस्ताव है। 21 और 22 दिसंबर को प्रस्तावित इस बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story