चित्रकूट दीपावली मेले की सुरक्षा के लिए 120 पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
चित्रकूट दीपावली मेले की सुरक्षा के लिए 120 पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण


सतना, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय दीपावली मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें करीब 120 पुलिसकर्मी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) प्रेम सिंह कुर्वे, रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल और यातायात प्रभारी निरीक्षक पूनम रावत ने मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत बताई।

दीपावली पर्व के मद्देनजर चित्रकूट थाना पुलिस ने विद्यार्थियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सद्गुरु पब्लिक स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक सतना के निर्देशन और एसडीओपी चित्रकूट के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक नेहा ठाकुर और प्रधान आरक्षक रीता पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को महिला अपराध, साइबर ठगी और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनजान व्यक्तियों के झांसे में नहीं आने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने और त्योहार के दौरान सतर्क रहने की समझाइश दी। साइबर अपराधों से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा ओटीपी और निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति से मिठाई, प्रसाद या अन्य खाद्य सामग्री स्वीकार न करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छोटी-सी सावधानी बड़ी परेशानी से बचा सकती है। त्योहार की खुशियों के बीच अपनी और परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें तथा जागरूक नागरिक बनकर दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771893 Articles

Share this story