सतनाः सेवा संगठन और संवेदना के बीच खंडेलवाल का विन्ध्य प्रवास

WhatsApp Channel Join Now
सतनाः सेवा संगठन और संवेदना के बीच खंडेलवाल का विन्ध्य प्रवास


सतना, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का रविवार का विध्य प्रवास सेवा, आस्था, संगठन और संवेदना के कई रंगों से जुड़ा रहा। सुबह रेवांचल एक्सप्रेस से मैहर पहुंचे खंडेलवाल का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नगर में स्वच्छता अभियान में झाडू थामी, गौसेवा और पौधरोपण में सहभागिता की तथा त्रिकूट पर्वत स्थित मां शारदा देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया।

मैहर के बाद उनका काफिला सतना पहुंचा, जहां सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों के साथ संगठन की बैठकें और सामाजिक व्यावसायिक वर्ग से संवाद हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के बीच प्रदेश अध्यक्ष का यह प्रवास संगठन की गतिविधियों और जनसेवा के कार्यक्रमों को एक साथ जोड़ता नजर आया। अभियान के तहत प्रदेश में सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी, लाभार्थी संपर्क और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

मैहर के कार्यक्रमों के बाद प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल सतना पहुंचे। सेतु कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद जिला पंचायत कार्यालय के पास अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावास में जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री वितरित की। सेवा संकल्प अभियान में सेवा सेतु का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवा गतिविधियों को जरूरतमंदों तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी को मजबूत करने से जुड़ा है। मध्यप्रदेश में अभियान के तहत 71 हजार से अधिक बूथों तक लाभार्थियों से संपर्क का लक्ष्य भी रखा गया है। सतना में सेवा गतिविधियों के बाद प्रदेश अध्यक्ष भाजपा कार्यालय पहुंचे। दीनदयाल पार्क में पौधरोपण किया और जिला कोर समिति की बैठक में स्थानीय संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की। इसके बाद जिला कार्यसमिति की विस्तृत बैठक हुई। संगठन की बैठकों में जिले में चल रहे सेवा संकल्प अभियान, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

मीडिया से चर्चा में प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह संवैधानिक प्रक्रिया है और मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, दो स्थानों पर दर्ज तथा ऐसे का सत्यापन किया जाना चाहिए जिन्हें मतदान का अधिकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि किसी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाए जाने का कोई तथ्य है तो उसे सामने रखा जाए। खंडेलवाल ने कांग्रेस पर इस मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया चल रही है तो कांग्रेस को आपत्ति किस बात पर है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मतभेद के बीच खंडेलवाल का यह बयान प्रवास का प्रमुख राजनीतिक संदेश रहा।

रामप्रताप के घर पहुंचकर भावुक हुए खंडेलवाल

सतना प्रवास का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल दिवंगत पूर्व विधायक व नर्मदा सेनानी रामप्रताप सिंह के धवारी स्थित आवास पहुंचे। नर्मदा जल को विंध्य तक लाने के लिए करीब दो दशक तक संघर्ष करने वाले रामप्रताप सिंह के निधन के बाद उनके परिवार के बीच पहुंचकर खंडेलवाल ने श्रद्धांजलि अर्पित की। रामप्रताप सिंह के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पहचान विंध्य की धरती और किसानों के लिए नर्मदा जल की मांग रही। बरगी नहर से विंध्य को पानी दिलाने का उनका संघर्ष वर्षों तक चलता रहा। यह लड़ाई केवल एक राजनीतिक माग नहीं रही, बल्कि उनके जीवन का संकल्प बन गई थी। बीमारी के दौरान जब उन्हें दिल्ली ले जाया गया, तब भी उनके साथ विध्य के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दिल्ली में उपचार के दौरान उनके निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर के सतना पहुंचने से लेकर अंतिम यात्रा तक बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। ऐसे में उनके घर पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष का श्रद्धांजलि देना केवल संगठनात्मक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। यह उस संघर्षशील राजनीतिक जीवन के प्रति सम्मान का भावुक क्षण भी बना, जिसने विध्य में पानी के सवाल को लंबे समय तक जीवित रखा। परिवार के सदस्यों से मुलाकात के दौरान माहौल भावुक रहा। इसके बाद खंडेलवाल पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी के पतेरी स्थित आवास पहुंचे और उनके दिवंगत अनुज सुरेंद्र त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

रामपुर में विधायक से भेंट

सतना से शाम को खंडेलवाल रामपुर के लिए रवाना हुए। रामपुर में विधायक विक्रम सिंह के आवास पर रुकने के बाद वे रीवा के लिए रवाना हुए। इस तरह सेवा संकल्प अभियान के मध्य चरण में प्रदेश अध्यक्ष का विध्य प्रवास केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं रहा, बल्कि भाजपा संगठन की जमीनी गतिविधियों, सेवा कार्यों, सामाजिक संपर्क और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद का एक विस्तृत दिन बना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story