बोट चोरी सेवा और समर्पण से रुकेगी आंदोलन से नहींः विजय तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
बोट चोरी सेवा और समर्पण से रुकेगी आंदोलन से नहींः विजय तिवारी


सतना, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता विजय तिवारी ने शनिवार को कांग्रेस के 'वोट बचाओ' अभियान पर पलटवार करते हुए कहा कि वोट चोरी रोकने के लिए सेवा में समर्पण चाहिए और ऐसा समर्पण भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के पास है। सतना की जनता ने भाजपा कार्यकर्ताओं का समर्पण रक्तदान से लेकर वृक्षारोपण तक देखा है।

उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा को सलाह दी कि रक्तदान करिए, सड़कों की सफाई करिए, वृक्षारोपण करिए, जनता को भ्रमित करने से वोट चोरी नहीं रुकेगी। यह समर्पण अपने प्रदेश और देश के नेताओं को भी सिखाइए। विजय तिवारी ने कहा कि वोट चोरी करना कांग्रेस से बेहतर कौन जानता है। पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू स्वयं सरदार पटेल की वोट चोरी कर प्रधानमंत्री बने और सतना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वोट के बिना सीधे सिद्धार्थ कुशवाहा जिलाध्यक्ष बने, यह है असली वोट चोरी। जो पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ न्याय न कर सके और जिसके जनप्रतिनिधि जनता के साथ न्याय न कर सकें, उन्हें चुनाव हारना ही है।

उन्होंने कहा कि जब बाढ़ और अतिवृष्टि से चित्रकूट, रैगांव, सतना, नागौद, रामपुर बाघेलान परेशान थे, तब कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक आराम कर रहे थे, उसी समय वोट चोरी हो गई। सतना में धोखे से एक विधानसभा कांग्रेस के पास है, जहां विधायक कोई काम नहीं करते, नगर निगम क्षेत्र से तो उनका कोई लेना-देना ही नहीं है। गली-गली में विधायक निधि से रखी टूटी कुर्सियां उनकी कार्यप्रणाली की गवाही दे रही हैं। विजय तिवारी ने कहा कि 28 सितंबर से मतदाता नाम जोड़ने का अभियान चल रहा है, विशेष अभियान में लगभग 17 हजार मतदाताओं ने फॉर्म भरे, लेकिन कांग्रेस ने एक भी फॉर्म न भरा न भरवाया और आरोप लगा रही है कि वोट चोरी हो गई। मतदाता फॉर्म भरने से बनेगा, सड़कों पर घूमने से नहीं और मुख्य चुनाव आयुक्त महाभियोग से हटेगा, आंदोलन से नहीं लोकतंत्र में जनता की सेवा ही सर्वोपरि होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story