सतना में सड़क और गड्ढों को लेकर व्यापारियों द्वारा किया गया विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सतना में सड़क और गड्ढों को लेकर व्यापारियों द्वारा किया गया विरोध प्रदर्शन


सतना, 09 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले में स्मार्ट सिटी और सीवर परियोजना के तहत खोदी गई सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर व्यापारियों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। जय स्तम्भ चौक पर हुए इस प्रदर्शन में व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मांग की कि शहर को जल्द गड्ढा मुक्त किया जाए।

व्यापारियों का कहना है कि शहर में पहले जलावर्धन योजना और फिर सीवर लाइन बिछाने के नाम पर जगह-जगह सड़कें खोदी गईं। काम पूरा होने के बाद सड़क मरम्मत केवल औपचारिकता बनकर रह गई। कई इलाकों में मिट्टी डालकर खानापूर्ति की गई, जो हल्की बारिश में ही धंस जाती है, जिससे सड़कें बड़े-बड़े गड्डों में तब्दील हो गई हैं।

प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने बताया कि इन गड्डों के कारण रोजाना वाहन फंस रहे हैं और दुर्घटनाएं हो रही हैं। सबसे ज्यादा असर उन दुकानदारों पर पड़ा है जिनकी दुकानों के सामने सड़कें खोदी गई हैं। ग्राहकों की आवाजाही कम होने से व्यापार चौपट होने की स्थिति में पहुंच गया है। कई व्यापारियों के लिए दुकान का किराया, बिजली बिल और कर्मचारियों का वेतन निकालना भी मुश्किल हो रहा है।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन शहरवासियों को सुविधा के बजाय परेशानी मिली।

उनका कहना है कि बरसात शुरू होते ही शहर की गलियां और सड़कें आवागमन के लिए खतरनाक हो जाती हैं, जिससे लोगों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। व्यापारी संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क सुधार और गड्डों की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से समयबद्ध कार्रवाई कर शहरवासियों को राहत देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story