तीन माह से भुगतान नहीं मिलने पर आशा कार्यकर्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
तीन माह से भुगतान नहीं मिलने पर आशा कार्यकर्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल


सतना, 02 जून (हि.स.)। तीन माह से लंबित भुगतान को लेकर मध्य प्रदेश के सतना जिले की आशा एवं आशा ऊषा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। बकाया राशि के भुगतान की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है और स्पष्ट चेतावनी दी है कि भुगतान होने तक वे किसी भी शासकीय कार्य में भाग नहीं लेंगी।

समस्त शहरी आशा कार्यकर्ता महिला संगठन के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचीं और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन की जिला अध्यक्ष किरण देवी ठाकुर ने बताया कि पिछले तीन माह से आशा और आशा ऊषा कार्यकर्ताओं का मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि कई आशा कार्यकर्ताओं पर परिवार की पूरी जिम्मेदारी है। नियमित भुगतान नहीं मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और परिवारों के भरण-पोषण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भुगतान की मांग को लेकर 19 मई और 26 मई को भी प्रशासन को आवेदन दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे स्वास्थ्य विभाग की जमीनी स्तर की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता सहित अनेक योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद समय पर भुगतान नहीं मिलने से उनमें गहरा असंतोष है।

संगठन ने दो टूक कहा है कि तीन माह का लंबित भुगतान होने तक हड़ताल जारी रहेगी। कार्यकर्ताओं के कार्य बहिष्कार का असर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ने लगा है।

अब निगाहें प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर टिकी हैं कि आशा कार्यकर्ताओं की मांगों को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं और लंबित भुगतान का मुद्दा कब तक सुलझता है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story