सतना-मैहर में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
सतना-मैहर में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा की आशंका


सतना, 2 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना और मैहर जिले में गुरुवार, 3 सितंबर को भारी से अत्यंत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वी मध्यप्रदेश के लिए अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को सतना और मैहर में दिनभर आसमान घने बादलों से ढका रहेगा। गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। सुबह 5:30 से 11:30 बजे के बीच तेज बौछारों के साथ बारिश शुरू होने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की संभावना करीब 60 प्रतिशत और तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दोपहर में सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा मानसूनी तंत्र

दोपहर 12:30 से शाम 4:30 बजे के बीच मानसूनी तंत्र के अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। इस अवधि में बारिश की संभावना बढ़कर करीब 75 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।

शाम 6:30 बजे के बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना बनी रहेगी।

निम्न दबाव क्षेत्र से बढ़ी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बना सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र मानसूनी गतिविधियों को और सक्रिय कर रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वी मध्यप्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।

20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। लगातार तेज बारिश होने पर कई इलाकों में जलभराव के साथ नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन और स्थानीय लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story