राजगढ़ः सरदार पटेल की जयंती पर दौड़े जनप्रतिनिधि, अफसर और युवा, एकता का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सरदार पटेल की जयंती पर दौड़े जनप्रतिनिधि, अफसर और युवा, एकता का दिया संदेश


राजगढ़, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को जिला मुख्यालय पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

जिला स्टेडियम से शुरू हुई दौड़ खिलचीपुर नाका, पेट्रोल पंप और संस्कृति होटल होते हुए मंगल भवन पहुंची। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि आजादी के समय देश छोटी- छोटी रियासतों में बंटा हुआ था। इन रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारतीय संघ में शामिल करना बड़ी चुनौती थी। सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से यह असाधारण कार्य पूरा किया। इसी योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष कहा जाता है। उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने युवाओं से पटेल के जीवन और विचारों का अध्ययन करने तथा खेलकूद जैसी गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने कहा कि रन फॉर यूनिटी केवल दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प है। सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों को अपनाकर सभी को राष्ट्रहित में एकजुट रहना चाहिए। मुख्य अतिथि विधायक अमरसिंह यादव ने युवाओं से पूरे जोश और उत्साह के साथ आयोजन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश के निर्माण में महापुरुषों के योगदान और उनके संकल्पों की याद दिलाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एकता के संदेश को आत्मसात करते हुए सभी को मिलकर देश को आगे बढ़ाना चाहिए।

स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से एक नन्ही बालिका ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा आपसी सद्भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने मंगल भवन में भी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी- कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story