अमृत हरित अभियान के तहत भोपाल में शनिवार को 25 हजार पौधे लगाए जाएंगे

WhatsApp Channel Join Now
अमृत हरित अभियान के तहत भोपाल में शनिवार को 25 हजार पौधे लगाए जाएंगे


भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम भोपाल द्वारा शहर के पर्यावरण को और अधिक हरित एवं समृद्ध बनाने के उद्देश्य से अमृत हरित अभियान के तहत शनिवार को वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर 25 हजार पौधे रोपे जाएंगे।

नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत सड़कों के किनारे, उपयुक्त सार्वजनिक स्थलों, जलशोधन संयंत्रों, ओवरहेड पानी की टंकियों, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, झीलों एवं अन्य जल संरचनाओं के आसपास पौधरोपण किया जाएगा। इसके अलावा निगम के जोन एवं वार्ड कार्यालयों, पुस्तकालयों, वाचनालयों, पार्कों, उद्यानों, पार्किंग स्थलों, फायर स्टेशन, वर्कशॉप, गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासीय परिसरों में भी पौधे लगाए जाएंगे।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी जोन एवं वार्डों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की हैं। प्रत्येक जोन में वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र में पौधरोपण कार्य का पर्यवेक्षण करेंगे। उनके सहयोग के लिए उद्यान सुपरवाइजरों की भी तैनाती की गई है।

इसी प्रकार प्रत्येक वार्ड में वार्ड नोडल अधिकारियों को पौधरोपण से संबंधित सभी गतिविधियों के समन्वय और क्रियान्वयन का दायित्व सौंपा गया है। साथ ही विभिन्न परिसरों के विभाग प्रमुखों एवं प्रभारी अधिकारियों को भी अपने-अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयुक्त ने सभी अधिकारियों को शनिवार को अपने आवंटित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर पौधरोपण कराने तथा लगाए गए पौधों का जियो-टैग कर उनकी तस्वीरें और पौधों की संख्या मेरी लाइफ ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम का कहना है कि अभियान का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story