राजगढ़ः संत रविदास जयंती पर ब्यावरा में निकली कलश वंदन यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः संत रविदास जयंती पर ब्यावरा में निकली कलश वंदन यात्रा


राजगढ़, 06 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत जिला स्तरीय कलश वंदन यात्रा रविवार को ब्यावरा विधानसभा पहुंची।

पीपलबे आश्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। यात्रा में संतजन, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा के ब्यावरा में प्रवेश पर संत रविदास महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद राज्यमंत्री पंवार ने अपने सिर पर पवित्र कलश धारण कर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान संत कल्याण पुरी महाराज सहित संतजनों का सम्मान किया गया। गांवों से शहर तक दिखा उत्साह कलश वंदन यात्रा विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। मंत्री पंवार ग्राम कटारियाखेड़ी और खुरी पहुंचे। इसके बाद ब्यावरा शहर में माता मंड से सिलावट मोहल्ला होते हुए आंबेडकर चौराहा तक यात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

मंत्री पंवार ने कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन मानवता, समानता, सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने आचरण और वाणी से समाज को मन की पवित्रता का महत्व समझाया। उनका संदेश आज भी समाज को एकता और भाईचारे की राह दिखाता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने मानव गरिमा और समानता को सर्वोपरि माना। समाज की वास्तविक शक्ति आपसी प्रेम, विश्वास और समरसता में है। उनके विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय जीवन में उतारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रही है।

राज्यमंत्री ने कहा कि रविदास जयंती पर निकली कलश वंदन यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला अभियान है। इसका उद्देश्य संत रविदास के विचारों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष विष्णु मालवीय, जिला महामंत्री ममता इंदौरिया, जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जसवंत गुर्जर, पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, पवन कुषवाह, मानसिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, नारायणसिंह सालरियाखेड़ी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story