सागर: सुरखी विधानसभा में सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा का आगाज सोमवार को

WhatsApp Channel Join Now
सागर: सुरखी विधानसभा में सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा का आगाज सोमवार को


सागर, 06 सितंबर (हि.स.)। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश प्रसारित करने के लिए भव्य कलश यात्रा एवं 'समरसता संकल्प अभियान' का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार, 07 सितंबर से शुरू होने वाली यह यात्रा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गुजरते हुए 10 सितंबर को ग्राम झिला में संपन्न होगी।

इस आयोजन को व्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से रविवार को सीहोरा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, सुरखी विधानसभा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र पाठक, राहतगढ़ मंडल अध्यक्ष प्रियंक तिवारी, यात्रा प्रभारी चेतराम अहिरवार सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि संत रविदास के विचार किसी एक वर्ग विशेष तक सीमित न होकर संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रासंगिक हैं। यह यात्रा समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोने और भाईचारे को मजबूत करने की एक ऐतिहासिक पहल है।

तैयारियों के तहत कार्यकर्ताओं को गांव-गांव संपर्क करने, स्वागत व्यवस्था, सुरक्षा, अनुशासन और व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। 7 से 10 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता रहने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story