सागरः संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा की कार्यशाला से 'समरसता संकल्प अभियान' का आगाज

WhatsApp Channel Join Now
सागरः संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा की कार्यशाला से 'समरसता संकल्प अभियान' का आगाज


सागर, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 'समरसता संकल्प अभियान' की शुरुआत की गई है। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक चलेगा।

इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय, सागर में अभियान की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न हुई। इस कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा तय की गई और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने संत रविदास जी के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी किसी एक वर्ग या समाज विशेष के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक हैं। उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता और प्रेम की अमूल्य धरोहर हैं। भाजपा का यह अभियान संत जी के आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करेगा।

उन्होंने आगे बताया कि सागर के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि संत रविदास जी की स्मृति में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य मंदिर और स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। देश के चुनिंदा ऐतिहासिक स्थलों में सागर का चयन होना समूचे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, नरयावली विधायक एवं अभियान की प्रदेश टोली के सह-संयोजक प्रदीप लारिया ने संत रविदास और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों की प्रासंगिकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज कुछ असामाजिक शक्तियां समाज को संतों और महापुरुषों के वास्तविक संदेशों से भटकाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से संत रविदास जी और डॉ. अंबेडकर के समरसता, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के मूल विचारों को उनके वास्तविक स्वरूप में जनता तक पहुंचाएगी।

सात महीने तक चलने वाले इस अभियान के दौरान सागर जिले सहित पूरे प्रदेश में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एकजुट करना और सामाजिक सद्भाव को नई मजबूती प्रदान करना है।

सागर जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में अभियान की जिला स्तरीय टोली के संयोजक चेतराम अहिरवार, सह-संयोजक मधुकर जाटव, मिहीलाल अहिरवार, डॉ. परशुराम अहिरवार एवं गंगाराम अहिरवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा, पार्टी के जिला पदाधिकारी चैन सिंह, सुमित यादव, विक्रम सोनी, यश अग्रवाल, मोर्चा अध्यक्ष मेघा दुबे, रामकुमार यादव, उमेश गौंड, अनीता अहिरवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story