छिंदवाड़ाः इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा फार्मा क्विज 2026 का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
छिंदवाड़ाः इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा फार्मा क्विज 2026 का आयोजन


छिंदवाड़ा, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा द्वितीय वर्ष एमबीबीएस के छात्रों के लिए गुरुवार को फार्मा क्विज 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के अधिष्ठाता डॉ. अभय कुमार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विवेकानंद वाघमारे उपस्थित रहे।

क्विज की अध्यक्षता फार्माकोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सरफराज आलम खान ने की। कार्यक्रम का संचालन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं सिम्स के अधीक्षक डॉ. विपिन जैन, सहायक प्राध्यापक डॉ. नेहा मेश्राम, सीनियर रेजिडेंट्स डॉ. अभिषेक, डॉ. मुस्कान एवं डॉ. अमृता, पी जी रेजिडेंट्स डॉ. शिवाजी, डॉ. वरुण एवं डॉ. हिमांशु, डेमोंस्ट्रेटर डॉ. प्रशांत के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों के चिकित्सक भी उपस्थित रहे।

इस क्विज में द्वितीय वर्ष एमबीबीएस के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज का मुख्य उद्देश्य छात्रों को फार्माकोलॉजी की अवधारणाओं को स्पष्ट करना, दवाओं के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा एडवर्स ड्रग रिएक्शन और एंटीबायोटिक्स के तर्कसंगत उपयोग के महत्व को समझाना था।

क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को बताया गया कि एंटीबायोटिक्स का अनावश्यक और गलत उपयोग एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस को बढ़ावा देता है। इसलिए सही निदान, सही दवा, सही खुराक और सही अवधि के साथ ही एंटीबायोटिक्स का प्रयोग किया जाना चाहिए। साथ ही अन्य उपचारात्मक दवाओं के दुष्प्रभावों की पहचान और उनकी रोकथाम पर भी चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि डॉ. अभय कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम न केवल छात्रों के ज्ञान को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें नियमित अध्ययन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्रों को अधिष्ठाता महोदय, विभागाध्यक्ष एवं अधीक्षक द्वारा पुरस्कार वितरित कर सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan

Share this story