भोपाल में वीआईपी सुरक्षा के बीच चंदन का पेड़ चोरी, वरिष्ठ आईएएस के बंगले में घुसे चोर

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में वीआईपी सुरक्षा के बीच चंदन का पेड़ चोरी, वरिष्ठ आईएएस के बंगले में घुसे चोर


भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके चार इमली में मंगलवार को चंदन का पेड़ चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक पोरवाल के बंगले से सोमवार आधी रात चंदन का पेड़ काटकर ले गए। घटना मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा के आवास के पास हुई। बंगले में सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद वारदात होने से वीआईपी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चोर बंगले में घुसे और चंदन का पेड़ काटकर वहां से निकल गए। घटना की भनक न तो बंगले में तैनात सुरक्षा गार्ड को लगी और न ही आसपास के आवासों में तैनात सुरक्षाकर्मियों को। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। हबीबगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग चंदन का पेड़ ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच में क्राइम ब्रांच की टीम भी जुटी हुई है।

चार इमली भोपाल के प्रमुख वीआईपी इलाकों में शामिल है। यहां कई वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के आवास हैं। कुछ मंत्रियों के निवास भी इसी क्षेत्र में स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के बीच चंदन का पेड़ काटकर ले जाने की घटना ने निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आईएएस अधिकारी विवेक पोरवाल का बंगला डीजीपी कैलाश मकवाणा के आवास के नजदीक स्थित है। इसके बावजूद चोरों के वारदात को अंजाम देकर निकल जाने से सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद हबीबगंज थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। क्राइम ब्रांच भी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वारदात में शामिल लोगों ने चंदन का पेड़ काटने के लिए किस रास्ते से प्रवेश किया और वे किस दिशा में गए। जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767887 Articles

Share this story