राजगढ़ः सकल हिन्दू समाज ने किया सम्मेलन का आयोजन, पंच परिवर्तन का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सकल हिन्दू समाज ने किया सम्मेलन का आयोजन, पंच परिवर्तन का दिया संदेश


राजगढ़, 2 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के त्रिवेणी संगम ग्राम पनाली में सकल हिन्दू समाज ने सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें आसपास के गांव और क्षेत्र से हजारों लोग शामिल हुए। सम्मेलन में संत और समाज प्रमुखों ने हिन्दू समाज से एकजुट रहने, संगठित होने और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने का आव्हान किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता में है साथ ही सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास आवश्यक है।

इस अवसर पर संतों ने अपने संबोधन में पंच परिवर्तन के विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य और स्व का बोध शामिल है। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता को राष्ट्र की मजबूती का आधार बताया और सभी वर्गाें को साथ लेकर चलने संदेश दिया। पर्यावरण संरक्षण के तहत प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने, जल संरक्षण तथा पौधारोपण को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कुटुंब प्रबोधन के माध्यम से परिवार को संस्कारों की प्रथम पाठशाला बताया गया। नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का आव्हान किया। नागरिक कर्तव्यों के बारे में बोलते हुए कहा कि संविधान के अनुरुप अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करें। स्व का बोध विषय पर आत्मचिंतन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने का संदेश दिया। सम्मेलन में पहुंचे हजारों लोगों ने सामूहिक रुप से भोजन कर सामाजिक समरसता का परिचय दिया। आयोजन के दौरान अनुशासन, सौहार्द और उत्साह का वातावरण बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story